आज यानी शुक्रवार को आमिर खान की फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ रिलीज हो चुकी है। गुरुवार को मुंबई में इस फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग हुई जिसमें सलमान, शाहरुख खान से लेकर कई बॉलीवुड हस्तियां नजर आईं। हाल ही में आमिर खान की तरफ से स्क्रीनिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया है। इसमें कई सेलेब्स फिल्म को लेकर अपना रिव्यू देते नजर आए।
गुरुवार को आमिर खान की फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ की स्क्रीनिंग पर बॉलीवुड सितारों के अलावा उनके परिवार के लोग भी शामिल हुए। इस स्क्रीनिंग से जुड़ा एक वीडियो आमिर खान प्रोडक्शन के इंस्टाग्राम पेज पर शेयर किया है। वीडियो में स्क्रीनिंग के यादगार पल कैद हैं। साथ ही कई स्टार्स आमिर की फिल्म को लेकर अपना रिव्यू भी देते नजर आए हैं।
स्टार्स की आंखों में आंसू-होंठों पर मुस्कान – जावेद अख्तर, जूही चावला, हिमेश रेशमिया, माेना सिंह, आशुतोष राणा, आशुतोष गोवारिकर, जैकी श्रॉफ और वरुण ग्रोवर जैसे कई नामी सेलेब्स फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ की स्क्रीनिंग पर नजर आए। जावेद अख्तर बोले, ‘कमाल की फिल्म है, मेरी आंखों में अभी तक आंसू है।’ जूही बोलीं, ‘आमिर बहुत ही बेहतरीन फिल्म बनाई।’ आशुतोष राणा भी फिल्म की तारीफ करते नजर आए। वहीं प्रोड्यूसर गुनीत मोंगा ने कहा, ‘आपके दिल में जितना प्यार है, उतना इस फिल्म का दीजिए।’ आमिर की ही फिल्म ‘तारे जमीन पर’ के चाइल्ड आर्टिस्ट रहे दर्शील सफारी भी स्क्रीनिंग पर आए, वह बोले, ‘फिल्म देखकर मेरे गाल दुख रहे हैं।’
शाहरुख-सलमान से मिलकर खुश हुए फिल्म के एक्टर्स- आमिर खान की फिल्म की स्क्रीनिंग पर सलमान खान और शाहरुख खान भी पहुंचे थे। इन दोनों सुपरस्टार्स को देखकर ‘सितारे जमीन पर’ के स्पेशल चाइल्ड और एक्टर्स काफी खुश दिखे। बच्चों ने शाहरुख और सलमान खान के साथ खूब तस्वीरें लीं। आमिर खान भी यह सब देखकर काफी खुश थे।
क्या है फिल्म की कहानी – फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ में आमिर खान एक कोच के रोल में नजर आ रहे हैं, जो स्पेशल चाइल्ड की एक बॉस्केटबॉल टीम को ट्रेनिंग देते हैं। इस फिल्म को आर.एस प्रसन्ना ने निर्देशित किया है। बताते चलें कि आमिर की यह मूवी स्पेनिश फिल्म ‘चैंपियन(2018)’ का रीमेक है।







