Home » युवती से अवैध संबंध को लेकर पूर्व मुखिया की हत्या, हाथ-पैर बांधकर पीटा… फिर टांगी से काटा
बिहार

युवती से अवैध संबंध को लेकर पूर्व मुखिया की हत्या, हाथ-पैर बांधकर पीटा… फिर टांगी से काटा

ओबरा (औरंगाबाद)। औरंगाबाद के ओबरा थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे बभनडीहा पंचायत के 45 वर्षीय पूर्व मुखिया अजीत सिन्हा की बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या करने से पहले हाथ-पैर बांध दिए गए। डंडे से पिटाई करने के बाद टांगी से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई।

हत्या का कारण पूर्व मुखिया का गांव की एक युवती के साथ अवैध संबंध बताया जा रहा है। पूर्व मुखिया को महिला के बहाने घर से बुलाकर हत्या की गई है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ एनएच-139 जाम कर दिया। हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

घटना की सूचना पर दाउदनगर एसडीपीओ कुमार ऋषिराज एवं थानाध्यक्ष नीतीश कुमार घटनास्थल पहुंचे। घटना की जांच की। सड़क जाम किए ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाया।

एसडीपीओ ने बताया कि सुबह थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि पूर्व मुखिया के साथ मारपीट की घटना हुई है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस घटनास्थल पहुंची और घायल पूर्व मुखिया को इलाज के लिए ओबरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एसडीपीओ ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा गया। पोस्टमार्टम करा शव स्वजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने घटना को लेकर ग्रामीणों से पूछताछ की है।

एसडीपीओ ने बताया कि अजीत कुमार सिन्हा के साथ जिन लोगों ने मारपीट की है, वे उनकी पुत्री के साथ गलत करने के उद्देश्य से घर में घुसे थे। बताया कि एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन कर रही है। घटना में संलिप्त युवती और उसके तीन स्वजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में प्राथमिकी के बाद जांच की जा रही है। घटनास्थल से रस्सी और लाठी जब्त की गई है।

पूर्व मुखिया के स्वजनों ने पुलिस को बताया कि हत्या करने वाले लोग घर से बुलाकर ले गए और टांगी से काटकर हत्या कर दी। हाथ-पैर बांधकर पीटा गया है। किसी भी युवती से अवैध संबंध के मामले से इंकार किया है। बता दें कि अजीत सिन्हा बभनडीहा पंचायत के पूर्व मुखिया थे।