श्रीनगर। नई दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो की एक उड़ान में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खराब मौसम के कारण उड़ान बीच हवा में हिचकोले खाने लगी। हालांकि, पायलट ने सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित किया और श्रीनगर हवाई अड्डे पर सुरक्षित आपात लैंडिंग की। इस उड़ान में 220 से ज्यादा यात्री सवार थे। हालांकि इस दौरान विमान के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है।
भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई2142 को ओलावृष्टि के कारण टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। टर्बुलेंस का मतलब हलचल से है। इस स्थिति में उड़ान हिचकोले खाने लगती है और ऐसे में कई बार उड़ान अपनी ऊंचाई से कुछ फीट नीचे भी आ जाती है।
उन्होंने बताया कि पायलट ने श्रीनगर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को आपात स्थिति की सूचना दी और विमान शाम 6.30 बजे श्रीनगर में सुरक्षित उतर गया। चालक दल के साथ-साथ उड़ान में सवार सभी 227 यात्री सुरक्षित हैं। उधर, एयरलाइन ने विमान को एओजी घोषित कर दिया है। एओजी यानी एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड का मतलब ऐसे विमान से है जो तकनीकी समस्याओं के कारण उड़ान भरने में असमर्थ है। डीजीसीए ने जांच के आदेश दिए। इंडिगो ने बयान जारी करते हुए कहा कि श्रीनगर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2142 को रास्ते में अचानक ओलावृष्टि का सामना करना पड़ा। फ्लाइट और केबिन क्रू ने प्रोटोकॉल का पालन किया। जिसके बाद विमान को सुरक्षित उतारा गया।







