मथुरा । यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक प्राइवेट बस राया क्षेत्र के माइलस्टोन 111 के पास गिट्टी से भरे एक ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। भीषण हादसे में मौके पर ही चार लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि बस में सवार करीब 25 यात्री घायल हो गए। सीओ महावन संजीव कुमार ने बताया कि यह दुर्घटना सोमवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे घटित हुई। बिहार नंबर की प्राइवेट बस लखनऊ से सवारियां लेकर दिल्ली की ओर जा रही थी।
राजस्थान नंबर का गिट्टी से भरा ट्रेलर एक्सप्रेसवे की तीसरी लेन पर चल रहा था। तेज रफ्तार बस उसमें पीछे से जा घुसी। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और एक्सप्रेसवे कर्मियों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। इस हादसे में चार लोगों की मृत्यु हो गई है। उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे है। घायल यात्रियों में से कुछ की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। हादसे का कारण नींद का झोंका माना जा रहा है।







