सिद्धार्थनगर। शनिवार देर रात एक सराफा व्यवसायी की हत्या कर शव बोरी में बांधकर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अधजला शव बरामद किया। बताया जा रहा है कि व्यवसायी पड़ोसी बर्तन व्यापारी के घर हार देने गया था। व्यवसायी के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पड़ोसी व्यापारी और एक अन्य पर हत्या का केस दर्ज किया है।
सदर थाना क्षेत्र के बरगदवा गांव के पास शनिवार देर रात चकरोड से गुजर रहे लोगों ने खेत में कुछ जलता देखा। करीब पहुंचे तो बोरी में लाश जलती देख पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस पहुंची तब तक शव का कुछ हिस्सा जल चुका था। पुलिस की जांच में पता चला कि मोहाना थाने में एक युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई है।







