Home » आरपीएफ कालोनी में आक्सीजन सिलिंडर ब्लास्ट, कर्मी का बांया हाथ उड़ा
उत्तर प्रदेश

आरपीएफ कालोनी में आक्सीजन सिलिंडर ब्लास्ट, कर्मी का बांया हाथ उड़ा

पीडीडीयू नगर (चंदौली)। रेलवे कालोनी स्थित आरपीएफ कॉलोनी के डी केबिन रिसीविंग यार्ड के पास सोमवार को मालवाहक से आक्सीजन सिलिंडर उतारते समय फिसल गया। इससे एक सिलिंडर जोरदार आवाज के साथ ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट होने के साथ ही आक्सीजन सिलिंडर के परखच्चे उड़ गए। वहीं एक गैस एजेंसी का कर्मचारी भी गंभीर रूप से घायल हो। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने मजदूर को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। चिकित्सक ने उसकी हालत गंभीर देख वाराणसी के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घटना में कर्मचारी का बांया हाथ उड़ गया।

आरपीएफ कालोनी में रेलवे वैगन मेंटेनेंस का काम चल रहा है। रामनगर स्थित विद्या गैस एजेंसी साइट पर आक्सीजन गैस सिलिंडर की सप्लाई देती है। सोमवार को भी मैजिक में गैस की खेप लेकर आई। एजेंसी के कर्मचारी सिलिंडर उतार रहे थे। इसी बीच एक सिलिंडर नीचे गिरा और तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। छत्तीसगढ़ निवासी 22 वर्षीय अमित कुमार चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज धमाके से अफरा-तफरी मच गई। कालोनी के लोग एक बारगी सहम गए। हालांकि ठेकेदार ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल भोगवारे स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी होते ही सीओ अनिरुद्ध सिंह और आरपीएफ के संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंच गए और लोगों से पूछताछ की। इस संबंध में सीओ ने बताया कि घायल कर्मचारी की स्थिति ठीक है।

छत्तीसगढ़ में प्लांट, औद्योगिक फेज 2 में गोदाम

चंदौली और वाराणसी में होने वाली आक्सीजन सिलिंडर का एयर कंप्रेसर प्लांट छत्तीसगढ़ में और इसका गोदाम औद्योगिक क्षेत्र फेज दो में है। छत्तीसगढ़ से ही सिलिंडर को तैयार कर यहां भेजा जाता है। इसके बाद आपूर्ति की जाती है।
मालिक छत्तीसगढ़ का होने के कारण गोदाम में काम करने वाले सभी श्रमिक भी वहीं के हैं। गोदाम के मैनेजर अभिनीत सिंह कुछ पूछने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।

पूर्व में भी दो युवकों की हो चुकी है मौत

बीते साल दिसंबर माह में रविनगर मोहल्ले में आक्सीजन गैस सिलिंडर फटने से दो युवकों की मौत हो गई थी। मृतक 35 वर्षीय चंद्रभान पीडीडीयू नगर के कुढ़कला का जबकि 28 वर्षीय राजन न्यू महाल का रहने वाला था। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसर गया था। सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचे तत्कालीन एसपी अंकुर अग्रवाल ने घटनास्थल का मुआयना किया था।

 

Search

Archives