दुबई । भारतीय महिला टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना मंगलवार को जारी आईसीसी की नवीनतम रैकिंग में बल्लेबाजों में शीर्ष पर पहुंच गई हैं। मंधाना ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ संपन्न हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज के दौरान दमदार प्रदर्शन किया था जिसका पुरस्कार उन्हें आईसीसी रैंकिंग में मिला। मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में 58 और 31 रन की पारियां खेली।
मंधाना के रैंकिंग में 790 अंक हो गए हैं और उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की लॉर वोलवार्ट को पीछे छोड़ दिया है। वोलवार्ट के 782 अंक हैं और वह फिलहाल दूसरे स्थान पर हैं। दक्षिण अफ्रीका को मार्च और अप्रैल में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज खेलनी है जिस दौरान वोलवार्ट के पास मंधाना को पीछे छोड़ने का मौका होगा। अपने अंतिम वनडे मैच में शतक जड़ने वाली एलिसा हीली ने 744 अंक के साथ रैंकिंग में चौथे स्थान पर रहते हुए अलविदा कहा। बेथ मूनी तीसरे, जबकि एश्ले गार्डनर (724) पांचवें स्थान पर रहीं। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर नौवें स्थान के साथ शीर्ष 10 में जगह बनाने में सफल रहीं, जबकि जेमिमा रोड्रिग्स 12वें स्थान पर हैं।







