जयपुर। IPL चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के तेज गेंदबाज यश दयाल को जयपुर की पॉक्सो कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। जयपुर महानगर प्रथम की पॉक्सो कोर्ट-3 ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी की संभावना बढ़ गई है।
मामले की सुनवाई करते हुए जज अलका बंसल ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा नहीं लगता कि आरोपी को झूठे आरोपों में फंसाया गया है। अब तक की जांच में आरोपी की भूमिका सामने आई है और उससे पूछताछ अभी बाकी है। ऐसे में इस स्तर पर अग्रिम जमानत देना उचित नहीं है।
यश दयाल के खिलाफ 23 जुलाई 2025 को जयपुर के सांगानेर सदर थाने में मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि उन्होंने क्रिकेट में करियर बनाने का झांसा देकर और भावनात्मक दबाव बनाकर नाबालिग के साथ करीब ढाई साल तक दुष्कर्म किया।
पीड़िता के वकील दिवेश शर्मा के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता और आरोपी दोनों के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) जब्त की है। इससे दोनों के बीच लगातार संपर्क की पुष्टि होती है। इसके अलावा, पीड़िता द्वारा बताए गए होटलों में दोनों के ठहरने से जुड़े रिकॉर्ड भी पुलिस को मिले हैं।







