Home » भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी मिलना तय, ग्लासगो में कल लगेगी अंतिम मुहर
खेल

भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी मिलना तय, ग्लासगो में कल लगेगी अंतिम मुहर

नई दिल्ली। भारत को 2030 कॉमनवेल्थ की मेजबानी की औपचारिक मंजूरी बुधवार को ग्लासगो में मिलने वाली है। आयोजन अहमदाबाद में होगा जहां विशाल स्पोर्ट्स एन्क्लेव और आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। नाइजीरिया को पछाड़कर मिली यह मेजबानी भारत के 2036 ओलंपिक सपने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। आईओए सभी प्रमुख और पारंपरिक खेल शामिल करने की योजना बना रहा है।

अहमदाबाद : भारत का नया स्पोर्ट्स कैपिटल- 2010 दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद यह दूसरा मौका होगा जब भारत इन खेलों की मेजबानी करेगा। इस बार आयोजन स्थल होगा अहमदाबाद, जिसने पिछले 10 वर्षों में खेल अधोसंरचना में सबसे तेज़ विकास किया है। शहर में बन रहा सरदार पटेल स्पोर्ट्स एन्क्लेव इन खेलों की मुख्य धुरी होगा। इनमें शामिल होंगे:

  • एक हाई-टेक एक्वाटिक्स सेंटर
  • अत्याधुनिक फुटबॉल स्टेडियम
  • दो विशाल इंडोर एरीना
  • और 3,000 खिलाड़ियों के रहने की क्षमता वाला एथलीट विलेज

इसके अलावा दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम, नरेंद्र मोदी स्टेडियम (क्षमता: 1 लाख+) पहले से मौजूद है।

भारत बड़े मंच पर तैयार- ग्लास्गो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स बजट कटौती के चलते सीमित खेलों के साथ आयोजित होंगे। इसमें भारत के प्रमुख पदक वाले खेल जैसे कुश्ती, निशानेबाजी, बैडमिंटन और हॉकी शामिल नहीं होंगे, जिससे भारत ने आपत्ति जताई थी, लेकिन IOA ने साफ कर दिया है कि 2030 में भारत पूर्ण और भव्य संस्करण आयोजित करेगा। IOA संयुक्त सचिव कल्याण चौबे ने कहा, ‘हमारी योजना सभी पारंपरिक, अंतरराष्ट्रीय और पदक वाले खेलों को शामिल करने की है। इनमें शूटिंग, कुश्ती, तीरंदाजी के साथ-साथ कबड्डी और खो-खो भी शामिल होंगे।’

अहमदाबाद की हालिया मेजबानी क्षमता- पिछले कुछ महीनों में शहर ने कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट सफलतापूर्वक आयोजित किए हैं, जिनमें कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप, एशियन एक्वाटिक्स चैंपियनशिप और एएफसी अंडर-17 एशियाई कप क्वालिफायर शामिल हैं। आने वाले वर्षों में अहमदाबाद 2026: एशियन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप, 2026: एशिया पैरा-आर्चरी कप और 2029: वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स का मेजबान होगा।

ओलंपिक 2036 की ओर एक कदम- कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स ने भारत के प्रस्ताव को आकर्षक, व्यापक और आधुनिक कॉमनवेल्थ मूल्यों के अनुरूप बताया है। यदि इस आयोजन की सफलता तय हुई, तो भारत का अगला लक्ष्य 2036 ओलंपिक मेजबानी होगा, जिसकी प्रस्तावित जगह भी अहमदाबाद ही है।

Search

Archives