रांची। पहले वनडे से पहले भारतीय कप्तान केएल राहुल ने साफ कर दिया है कि ऋषभ पंत सिर्फ विकेटकीपर के तौर पर ही नहीं, बल्कि एक स्पेशलिस्ट बल्लेबाज के तौर पर भी टीम में खेलने की क्षमता रखते हैं।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला कल यानी 30 नवंबर को दोपहर डेढ़ बजे से जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेला जाएगा। पंत की उपलब्धता को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है क्योंकि उन्होंने अगस्त 2024 में श्रीलंका दौरे के बाद से 50 ओवर क्रिकेट नहीं खेला है।
राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पंत जब फिट होते हैं, तो वह टीम के लिए बेहद मूल्यवान खिलाड़ी बन जाते हैं। उन्होंने कहा, ‘ऋषभ चोट की वजह से बाहर रहे थे, लेकिन वह लंबे समय से टीम के साथ हैं और सभी जानते हैं कि वह क्या कर सकते हैं। टीम में जगह बनाने के लिए कभी-कभी खिलाड़ियों को अपने मौके का इंतजार करना पड़ता है।’ उन्होंने कहा, ‘अगर पंत अंतिम XI में होंगे, तो विकेटकीपिंग वह ही करेंगे। ऐसे में मैं फील्डिंग करूंगा, लेकिन वह सिर्फ कीपर नहीं, बल्कि एक बेहतरीन बल्लेबाज भी हैं।’







