एशिया कप का मौजूदा संस्करण अपने मुकाम पर पहुंच चुका है। आज भारत और पाकिस्तान के बीच इस टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें भारतीय टीम जीत दर्ज करना चाहेगी। वहीं, पाकिस्तान की नजरें भी ट्रॉफी पर होंगी। हालांकि, पिछले दो मैचों में उसे भारत से मुंह की खानी पड़ी है।
41 साल में पहली बार आमने-सामने भारत-पाकिस्तान- एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी। 2016 में पहली बार यह टूर्नामेंट टी20 प्रारूप में खेला गया। भारतीय टीम सबसे ज्यादा बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली टीम है। भारत ने अब तक आठ बार एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की है। वहीं, पाकिस्तान ने सिर्फ दो बार खिताब अपने नाम किया जबकि श्रीलंका ने छह बार एशिया कप की ट्रॉफी उठाई है।
दिलचस्प बात यह है कि एशिया कप के 41 साल के इतिहास में कभी भी भारत-पाकिस्तान का फाइनल में आमना-सामना नहीं हुआ था। अब इतिहास पलटने जा रहा है। भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार यानी आज ऐतिहासिक फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। भारत ने मौजूदा संस्करण में पाकिस्तान को दो बार पटखनी दी है और फिलहाल टीम इस टूर्नामेंट में अजेय है। ऐसे में पाकिस्तान के लिए खिताब की जंग आसान नहीं होने वाली है।







