Home » बीकानेर दौरे पर पीएम मोदी : पाकिस्तान को दी सख्त चेतावनी, कहा- मोदी का दिमाग ठंडा लेकिन लहू गर्म है…
राजस्थान

बीकानेर दौरे पर पीएम मोदी : पाकिस्तान को दी सख्त चेतावनी, कहा- मोदी का दिमाग ठंडा लेकिन लहू गर्म है…

जयुपर/बीकानेर। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी आज राजस्थान के बीकानेर दौरे पर पहुंचे।  इस दौरान उन्होंने 26 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। साथ ही देश के 103 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। इन सभी रेलवे स्टेशनों को ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत पुनर्विकसित किया गया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया है। मोदी ने हुंकार भरी। उन्होंने आतंक को पालने वाले पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि उनका दिमाग ठंडा है, लेकिन लहू गर्म है और यह गर्मी अब पाकिस्तान को जलाने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि हर आतंकवादी हमले का जवाब भारत देगा और यह जवाब इतना करारा होगा कि पाकिस्तान की सेना और अर्थव्यवस्था दोनों घुटनों पर आ जाएंगे। उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान भूल गया कि भारत अब पहले वाला भारत नहीं। मेरे शरीर में लहू नहीं, गर्म सिंदूर बह रहा है।’

पीएम मोदी ने कहा- एक ओर हम सिंचाई परियोजनाओं को पूरा कर रहे हैं, वहीं नदियों को जोड़ने का कार्य भी कर रहे है। इससे यहां की धरती और किसानों को लाभ मिलेगा। राजस्थान की वीर भूमि हमें सिखाती है कि देश और देशवासियों से बढ़कर कुछ नहीं है। 22 तारीख को आतंकवादियों ने धर्म पूछकर मांग का सिंदूर उजाड़ दिया था। गोलियां पहलगाम में चली थीं, लेकिन वे गोलियां 140 करोड़ देशवासियों के सीने को छलनी कर गई थीं। इसके बाद देश ने संकल्प लिया कि आतंकवादियों को मिट्टी में मिला देंगे। आज हमारी सेना के शौर्य से हम उस प्रण पर खरे उतरे हैं। हमारी सरकार ने तीनों सेनाओं को खुली छूट दी थी। तीनों सेनाओं ने मिलकर ऐसा चक्रव्यूह रचा कि पाकिस्तान को घुटनों पर आना पड़ा।

पीएम मोदी इतने में ही नहीं रूके, उन्होंने पाकिस्तान पर प्रहार करते हुए कहा- हमने 22 मिनट में आतंकियों के नौ सबसे बड़े ठिकाने नष्ट कर दिए। जब सिंदूर बारूद बन जाता है, तो उसका नतीजा क्या होता है, यह पाकिस्तान को बता दिया गया है। साथियों, यह संयोग ही है कि पांच साल पहले जब बालाकोट में एयर स्ट्राइक हुई थी, तब मेरी पहली जनसभा राजस्थान में हुई थी। यह वीर भूमि का प्रभाव ही है कि ऐसा संयोग फिर बना है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद अब मेरी पहली जनसभा बीकानेर में हो रही है।

सीधा सीने पर प्रहार किया, यह न्याय का नया स्वरूप – पीएम मोदी ने कहा- यह प्रतिशोध नहीं, बल्कि न्याय का नया स्वरूप है। यह ऑपरेशन सिंदूर है। यह आक्रोश नहीं, समर्थ भारत का रौद्र रूप है। यह भारत का नया स्वरूप है। पहले घर में घुसकर हमला किया था, अब सीधा सीने पर प्रहार किया गया है। आतंक का फल कुचलने की यही नीति है, यही रीति है, यही भारत है और यही नया भारत है।

तीन नियम तय किए, हमले का करार जवाब देंगे- पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने तीन नियम तय किए हैं। अगर, भारत पर आतंकी हमला हुआ तो उसका करारा जवाब दिया जाएगा। इसे देश के विरुद्ध युद्ध माना जाएगा, समय सेना तय करेगी। एटम बम की गीदड़ भभकी से भारत डरने वाला नहीं है। आतंकियों और आतंकपरस्त सरकार को एक ही माना जाएगा। पाकिस्तान का “स्टेट और नॉन-स्टेट” वाला खेल अब नहीं चलेगा। भारत ने पूरी दुनिया में पाकिस्तान की पोल खोलने के लिए सात अलग-अलग प्रतिनिधिमंडल भेजे हैं। पाकिस्तान का असली चेहरा पूरी दुनिया को दिखाया जाएगा।

मेरी नसों में सिंदूर बह रहा – प्रधानमंत्री मोदी ने कहा-  पाकिस्तान एक बात भूल गया कि अब मां भारती का सेवक मोदी यहां सीना तानकर खड़ा है। मोदी का दिमाग ठंडा है, ठंडा रहता है, लेकिन मोदी का लहू गर्म होता है। अब तो मोदी की नसों में लहू नहीं, गर्म सिंदूर बह रहा है। अब भारत ने साफ कर दिया है कि हर आतंकी हमले की पाकिस्तान को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। ये कीमत, पाकिस्तान की सेना और पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था चुकाएगी।

डबल इंजन सरकार तेजी से काम कर रही- पीएम मोदी ने कहा राजस्थान के गांव तेजी से उन्नति की ओर बढ़ें, युवाओं को शहरों में अच्छे अवसर मिलें और राजस्थान का विकास हो, इसके लिए डबल इंजन सरकार तेजी से काम कर रही है।  नई औद्योगिक नीतियां जारी की गई है। बीकानेर को इन नीतियों का लाभ मिलेगा।

Search

Archives