Home » चलती बस में लगी भीषण आग : 10-12 लोगों के जिंदा जलने की आशंका, कई यात्री खिड़की तोड़कर कूदे
राजस्थान

चलती बस में लगी भीषण आग : 10-12 लोगों के जिंदा जलने की आशंका, कई यात्री खिड़की तोड़कर कूदे

राजस्थान /जैसलमेर।  मंगलवार दोपहर जैसलमेर से जोधपुर जा रही एक निजी बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में तीन बच्चों और चार महिलाओं समेत करीब 15 यात्री झुलस गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से झुलसे यात्रियों को जोधपुर रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में प्रथम दृष्टया करीब 10 से 12 लोगों के जिंदा जल जाने की आशंका है।

हादसे पर सीएम भजनलाल ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कलेक्टर एसपी से फोन पर बात करके पीड़ितों को हर संभव मदद के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दुखद घटना पर लगातार फ़ीडबैक ले रहे हैं। 

जानकारी के मुताबिक, यह घटना दोपहर करीब 3:30 बजे जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर थईयात गांव के पास हुई। बस में कुल 57 यात्री सवार थे। जानकारी के अनुसार, बस रोजाना की तरह दोपहर 3 बजे जैसलमेर से जोधपुर के लिए रवाना हुई थी। करीब 20 किलोमीटर चलने के बाद अचानक बस के पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा। इससे पहले कि चालक या यात्री कुछ समझ पाते, आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगते ही बस में चीख-पुकार मच गई और यात्री जान बचाने के लिए खिड़कियां तोड़कर बाहर कूदने लगे। कई यात्रियों के कपड़े और सामान जल गए। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। दमकल विभाग और पुलिस को भी सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि बस के इंजन या वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से आग लगी हो सकती है।

वहीं, नगर परिषद के असिस्टेंट फायर ऑफिसर कृष्णपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि सूचना मिलते ही वे टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। उन्होंने कहा कि बस पूरी तरह से आग का गोला बन चुकी थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रथम दृष्टया करीब 10 से 12 लोगों के जिंदा जल जाने की आशंका है।

कई यात्री गंभीर रूप से झुलसे- हादसे में यात्रियों के चेहरे, हाथ-पैर और शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए। गंभीर रूप से घायल ओमाराम भील (30) निवासी लाठी को जोधपुर रेफर किया गया है। वहीं, इमामत (30) और उसका बेटा यूनूस भी आग की चपेट में आए हैं, जिनका इलाज जोधपुर के अस्पताल में चल रहा है।

Search

Archives