Home » सांसद को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, कहा- शराब के नशे में की थी टिप्पणी
राजस्थान

सांसद को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, कहा- शराब के नशे में की थी टिप्पणी

उदयपुर/बांसवाड़ा।  बांसवाड़ा-डूंगरपुर से भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) सांसद राजकुमार रोत को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने शराब के नशे में यह टिप्पणी की थी।

जानकारी के मुताबिक यह मामला 7 अक्टूबर का है। सांसद राजकुमार रोत उदयपुर में आदिवासी मुद्दों को लेकर एक प्रेसवार्ता कर रहे थे, जिसकी लाइव स्ट्रीमिंग सोशल मीडिया पर की जा रही थी। इसी दौरान बांसवाड़ा निवासी चंद्रवीर सिंह परिहार ने लाइव में कमेंट किया कि जो कोई राजकुमार रोत को गोली मारेगा, मैं उसे 1 करोड़ रुपये इनाम दूंगा। यह कमेंट तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद सांसद की सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर चिंता बढ़ गई।

वहीं, सांसद ने इस धमकी को गंभीरता से लेते हुए उदयपुर साइबर थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने साइबर जांच शुरू की और आईपी एड्रेस के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली।

संयुक्त टीम ने की गिरफ्तारी- गिर्वा डीएसपी सूर्यवीर सिंह के अनुसार उदयपुर और डूंगरपुर की संयुक्त पुलिस टीम ने जांच के बाद आरोपी चंद्रवीर सिंह परिहार (65), निवासी धूल जी का गड़ा, थाना लोहारिया, जिला बांसवाड़ा को गिरफ्तार किया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने धमकी देने की बात स्वीकार की। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई- इस घटना के बाद सांसद की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर इस तरह की धमकियां गंभीर अपराध की श्रेणी में आती हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए साइबर निगरानी को और सख्त किया जा रहा है।

Search

Archives