Home » कोटा में एक ही दिन में 2 स्टूडेंट्स ने किया सुसाइड, इस महीने 6 ने खत्म कर ली अपनी जिंदगी
राजस्थान

कोटा में एक ही दिन में 2 स्टूडेंट्स ने किया सुसाइड, इस महीने 6 ने खत्म कर ली अपनी जिंदगी

कोटा। गुजरात की एक नीट आकांक्षी और जेईई की कोचिंग ले रहे असम के एक छात्र ने बुधवार को कोटा में दो घंटे के अंतराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके साथ ही कोचिंग हब के नाम से मशहूर इस शहर में साल के पहले 22 दिनों में ऐसे छह मामले सामने आ चुके हैं।

पुलिस ने बताया कि गुजरात के अहमदाबाद की मूल निवासी नीट आकांक्षी अशफा शेख ने सुबह करीब 10 बजे जवाहर नगर इलाके में स्थित अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जवाहर नगर क्षेत्र निरीक्षक रामलक्ष्मण ने बताया कि 24 वर्षीय युवती ने पहले भी कई बार मेडिकल प्रवेश परीक्षा दी थी, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी थी। वह कोचिंग लेती थी, लेकिन फिलहाल खुद से पढ़ाई कर रही थी। उन्होंने बताया कि उसके कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है तथा इस कदम के पीछे का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।

जवाहर नगर पुलिस जब शेख के मामले की जांच कर रही थी, उसके दो घंटे बाद ही महावीर नगर पुलिस को एक अन्य छात्र की आत्महत्या की सूचना मिली। पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे असम के गुवाहाटी के 18 वर्षीय जेईई आकांक्षी ने महावीर नगर इलाके में स्थित अपने छात्रावास के कमरे में लोहे के एंगल से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार, छात्रावास प्रशासन ने कमरों में ‘आत्महत्या निरोधक’ उपकरण लगाया था। अधिकारी ने बताया कि हालांकि, लड़के ने लोहे के एंगल से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

Search