धमतरी। धमतरी में चुनाव से पहले शराब दुकानों को बंद करने को लेकर विरोध देखने को मिल रहा है। भारी संख्या में महिलाएं शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंची और सरकार के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान महिलाओं ने शराब दुकान बंद न होने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी भी दी। मामले में जिला प्रशासन ने लोगों की मांग को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।
दरअसल, ये पूरा मामला शहर के सोरिद वार्ड का है। यहां एनएच 30 पर एक शराब दुकान है। इस दुकान को हटाने की मांग सोरिड वार्ड की महिलाएं कर रही हैं। इसे लेकर वार्ड की महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। महिलाओं ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। वार्ड वासियों ने बताया कि जिस दिन से दुकान खुली है, वो लगातार इसका विरोध कर रहे है। वार्ड वासियों ने चेतावनी दी है कि अगर शराब दुकान नहीं हटाया गया, तो वे चुनाव का बहिष्कार कर देंगे। संयुक्त कलेक्टर ने कहा कि सोरिद वार्डवासियों की ओर से देशी शराब दुकान को हटाने को लेकर आवेदन मिला है। इसे प्रतिवेदन के लिए आबकारी अधिकारी को भेजा गया है। प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।







