Home » दल से बिछड़ गया नन्हा हाथी, मां की तलाश में छान मार रहा जंगल, मिलाने की कोशिश में जुटा वन विभाग
छत्तीसगढ़ • रायगढ़

दल से बिछड़ गया नन्हा हाथी, मां की तलाश में छान मार रहा जंगल, मिलाने की कोशिश में जुटा वन विभाग

रायगढ़। अपनी मां और हाथियों के दल के साथ विचरण कर रहा एक नन्हा हाथी बीते दो दिनों से अपने दल से बिछड़ गया है। करीब 2 से 3 साल का शावक अब अकेले ही अपनी मां की तलाश में जंगल में घूम रहा है। इसकी जानकारी मिलते ही वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीमें शावक को उसकी मां और दल से मिलाने के प्रयास में जुट गई हैं। मामला धरमजयगढ़ वनमंडल के बोरो रेंज का है।

मिली जानकारी के मुताबिक धरमजयगढ़ वनमंडल के बोरो रेंज अंतर्गत चाल्हा गांव के जंगलों में जशपुर जिले की ओर से आए 7 हाथियों का दल पहाड़ के ऊपर जंगल में विचरण कर रहा था। कुछ दिन पहले दल के 6 हाथी पहाड़ से उतरकर मैनपाट की ओर बढ़ गए, जबकि 2 से 3 साल का एक हाथी शावक पहाड़ के ऊपर ही दल से बिछड़ गया।
बताया जा रहा है कि बुधवार को जंगल किनारे भैंस चराने गए एक चरवाहे की नजर सबसे पहले हाथी के शावक पर पड़ी। शावक अकेले ही गांव के करीब पहुंच गया था। चरवाहे ने इसकी जानकारी गांव के अन्य लोगों को दी, जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शावक की निगरानी शुरू कर दी।