Home » भीषण हादसा: रायपुर से नागपुर जा रही गाड़ी हुई हादसे का शिकार, 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत
छत्तीसगढ़

भीषण हादसा: रायपुर से नागपुर जा रही गाड़ी हुई हादसे का शिकार, 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत

3 घायलों का चल रहा इलाज

रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर हाइवे पर शुक्रवार सुबह रायपुर से नागपुर जा रही गाड़ी (एसयूवी) और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एसयूवी में सवार तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौके पर मौत हो गई, वहीं 3 घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के मुताबिक़, एसयूवी में सवार लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर से नागपुर जा रहे थे। इस दौरान सुबह करीब 4 बजे लाखनी तहसील के मानेगांव और पिंपलगांव के बीच नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर उनकी गाड़ी की ट्रक से टक्कर हो गई।

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के मदद से गाड़ी में फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू किया। ट्रक में फंसी गाड़ी को बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी की मदद लेनी पड़ी।

तीन घायलों का इलाज जारी

इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौके पर मौत हो गई। घटना में घायल तीन लोगों को उपचार के लिए सकोली सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में पुलिस मृतकों और घायलों से परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।

Search