Home » सहारा इंडिया निवेश घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई : तीन साल से फरार ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार
रायगढ़

सहारा इंडिया निवेश घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई : तीन साल से फरार ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार

रायगढ़ । सिटी कोतवाली पुलिस ने बहुचर्चित सहारा इंडिया निवेश घोटाले मामले में 3 साल से फरार चल रहे  ब्रांच मैनेजर को उसके ससुराल से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने 3,848 निवेशकों से 40.78 करोड़ की धोखाधड़ी की घटना को अंजाम दिया था।

रायगढ़ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता विकास निगानिया ने 29 सितंबर 2022 को सिटी कोतवाली थाने में रिपार्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि सहारा इंडिया के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कंपनी की विश्वसनीयता और आरबीआई से अधिकृत होने का झूठा विश्वास दिलाकर उनकी मां और पत्नी से वर्ष 2017 के दौरान 40 लाख रुपये विभिन्न योजनाओं में निवेश कराया।
बाद में परिपक्वता अवधि पूरी होने के बावजूद राशि वापस नहीं की गई। जांच में यह भी सामने आया कि निवेशकों से रकम सहारा इंडिया के नाम पर लेकर विभिन्न सहकारी समितियों के नाम से बॉण्ड जारी किए गए और निवेशकों के साथ सुनियोजित धोखाधड़ी की गई।
विवेचना दौरान जिला प्रशासन, विभिन्न बैंकों, मंत्रालयों तथा निवेशकों से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर सहारा इंडिया समूह के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों, शाखा प्रबंधकों, सेक्टर मैनेजरों एवं रीजनल अधिकारियों की संलिप्तता पाई गई। जिस पर सिटी कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी में संलिप्त आरोपी सहारा इंडिया कंपनी रायगढ़ के पूर्व शाखा प्रबंधक ओम प्रकाश शर्मा, पूर्व शाखा प्रबंधक खरसिया पुष्पेन्द्र कुमार साहू, कंपनी डायरेक्टर करूणेश अवस्थी, सेक्टर मैनेजर अमृत लाल श्रीवास और 6 जुलाई 2024 को सहारा इंडिया कंपनी बिलासपुर के रीजनल मैनेजर रजनीष तिवारी को गिरफ्तार कर विशेष न्यायाधीश रायगढ़ के न्यायालय में चालान पेश किया गया है।

Search

Archives