रायगढ़ । रेंगालपाली सर्किल में जंगली सुअरों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीणों में भारी डर बना हुआ है। जंगल से बाहर निकलकर जंगली सुअर गांवों के आसपास और खेतों में दाखिल हो रहे हैं। जंगली सुअरों के झुंड रात के समय खेतों में पहुंचकर मूंगफली समेत अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। बीते दिनों कर्राजोर क्षेत्र में एक जंगली सुअर ने एक महिला पर हमला कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में डर और चिंता और अधिक बढ़ गई है। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी वन विभाग को दी है।
वन विभाग की कार्रवाई और निगरानी : ग्रामीणों से सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने प्रभावित गांवों और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। जंगली सुअरों को पकड़ने के लिए कर्राजोर में दो से तीन पिंजरे लगाए गए हैं। वन रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके का जायजा लिया गया था। महिला के घायल होने पर प्रकरण तैयार कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिंजरा लगाकर जंगली सुअर को पकड़ने की कोशिश की जा रही है और क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है।







