महाराष्ट्र के सतारा में एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। 27 साल की महिला ने इससे पहले जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था और इस बार उसने चार बच्चों को एक साथ जन्म दिया, वहीं एक बार महिला ने एक बेटी को भी जन्म दिया है। इस तरह महिला अब 7 बच्चों की मां बन गई है। इस मामले को देख हर कोई हैरान हैं, वहीं डॉक्टर भी हैरत में पड़ गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक काजल विकास खाकुर्डिया (27) को प्रसव पीड़ा के चलते क्रांतिसिंह नाना पाटिल जिला अस्पताल लाया गया था, जहां शुक्रवार शाम में चार बच्चों का जन्म हुआ। सातारा के कोरेगांव तालुका की रहने वाली काजल अपने मायके आई हुई थीं। यहीं पर सरकारी जिला अस्पताल में उनकी डिलीवरी सिजेरियन ऑपरेशन (सी-सेक्शन) के जरिए की गई। इस दौरान उन्होंने तीन बेटियों और एक बेटे को जन्म दिया। मां और सभी बच्चे पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं। हालांकि, नवजात शिशुओं का वजन कम होने की वजह से अभी उन्हें गहन चिकित्सा इकाई में रखा गया है।
डॉक्टर देसाई, डॉक्टर सलमा इनामदार, डॉक्टर खडतरे, डॉक्टर झेंडे, डॉक्टर दीपाली राठौड़ की टीम ने काजल की सफलतापूर्वक डिलीवरी की. ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने राहत की सांस ली।







