Home » रेल का सफर होगा महंगा! रेल मंत्रालय 1 जुलाई से किराया बढ़ाने की कर रहा तैयारी
देश

रेल का सफर होगा महंगा! रेल मंत्रालय 1 जुलाई से किराया बढ़ाने की कर रहा तैयारी

नई दिल्ली। रेलवे मंत्रालय 1 जुलाई 2025 से मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में एसी और नॉन-एसी क्लास का किराया बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। अधिकारियों की मानें तो नॉन-एसी (स्लीपर, सेकंड सीटिंग आदि) श्रेणियों में 1 पैसा और सभी एसी क्लास में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से किराया बढ़ाया जा सकता है।

सामान्य द्वितीय श्रेणी का किराया-  500 किलोमीटर तक कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। 500 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर आधा पैसा प्रति किलोमीटर तक बढ़ाया जा सकता है। वहीं सबअर्बन ट्रेनें, मासिक पास और रोजाना यात्रा करने वालों की सुविधा को देखते हुए इनका किराया नहीं बढ़ेगा।

जनवरी 2020 में कितनी बढ़ोतरी हुई?
  • साधारण द्वितीय क्लास — 1 पैसा प्रति किमी
  • मेल/एक्सप्रेस की सेकंड क्लास — 2 पैसे प्रति किमी
  • स्लीपर क्लास — 2 पैसे प्रति किमी
  • सभी एसी श्रेणियों — 4 पैसे प्रति किमी

2020 और 2013 की तुलना में इस बार सबसे कम किराया बढ़ा- रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि 2020 और 2013 में पिछले किराया संशोधन की तुलना में मौजूदा बढ़ोतरी सबसे कम होगी। इससे पहले 1 जनवरी 2020 को प्रति किमी के आधार पर ट्रेन का किराया बढ़ाया गया था। तब साधारण और मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए द्वितीय श्रेणी का किराया क्रमशः 1 पैसे और 2 पैसे बढ़ाया गया था, जबकि स्लीपर क्लास और सभी एसी श्रेणियों का किराया क्रमशः 2 पैसे और 4 पैसे बढ़ा था।

2020 से पहले, 2013 में सभी वर्गों के किराये में काफी संशोधन किया गया था। उदाहरण के लिए, तब साधारण ट्रेनों के लिए द्वितीय श्रेणी का किराया 2 पैसे बढ़ा था, वहीं एक्सप्रेस/मेल ट्रेनों के लिए द्वितीय श्रेणी का किराया 4 पैसे बढ़ा था। इसके अलावा, स्लीपर क्लास का किराया 6 पैसे बढ़ाया गया था। 2013 में एसी-2 को छोड़कर सभी श्रेणियों के किराये में 10 पैसे की बढ़ोतरी की गई थी, जबकि एसी-2 का किराया 6 पैसे प्रति किमी बढ़ाया गया था।

Search

Archives