पोखरण। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की तरफ देश ने एक और बड़ा कदम बढ़ाया है। राजस्थान के पोखरण में सोलर ग्रुप ने पिनाका एक्सटेंडेड रेंज रॉकेट्स का सफल परीक्षण करके रक्षा क्षेत्र में नया इतिहास रचा है। कंपनी ने पहली बार पिनाका एक्सटेंडेड रेंज रॉकेट के दो उत्पादन बैचों का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है।
यह महत्वपूर्ण परीक्षण राजस्थान की पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में किया गया। सोलर ग्रुप ने बताया कि इस दौरान कुल 24 पिनाका एनहैंस्ड रॉकेट्स का परीक्षण किया गया। इन रॉकेट्स की सटीकता, स्थिरता और मारक क्षमता को परखा गया। कंपनी के अनुसार, सभी रॉकेट्स ने मैदानी परिस्थितियों में असाधारण रूप से बहुत अच्छा प्रदर्शन किया और अपने सभी लक्ष्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया।
निजी क्षेत्र की बड़ी कामयाबी: यह देश में पहली बार है जब पिनाका एक्सटेंडेड रेंज रॉकेट्स के उत्पादन बैचों का परीक्षण किसी निजी कंपनी द्वारा सफलतापूर्वक किया गया है। यह सफलता रक्षा उत्पादन में निजी क्षेत्र की बढ़ती क्षमता और आत्मनिर्भरता का एक बड़ा प्रमाण है। इससे सेना को हथियार और गोला-बारूद की सप्लाई में तेजी आएगी।
क्या है पिनाका रॉकेट : पिनाका एक मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम है, जो बहुत कम समय में एक बड़े इलाके में दुश्मन के ठिकानों को नष्ट कर सकता है। एक्सटेंडेड रेंज यानी बढ़ाई गई मारक क्षमता वाले ये रॉकेट और भी घातक हैं। अब सोलर ग्रुप जैसी निजी कंपनियां इनके उत्पादन में मदद कर रही हैं, जिससे सेना की ताकत और बढ़ेगी।







