राष्ट्रपति मुर्मु ने प्रदान किए पुरस्कार
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह-।। में सशस्त्र बलों और भारतीय तटरक्षक बल के अधिकारियों एवं जवानों को 105 विशिष्ट सैन्य अलंकरण प्रदान किए। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इनमें सात सर्वाेत्तम युद्ध सेवा मेडल, 30 परम विशिष्ट सेवा मेडल, 12 उत्तम युद्ध सेवा मेडल और 56 अति विशिष्ट सेवा मेडल शामिल हैं।
सर्वाेत्तम युद्ध सेवा मेडल से सम्मानित अधिकारियों में उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) रहे लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई और भारतीय वायुसेना के तत्कालीन महानिदेशक एयर आपरेशंस एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती प्रमुख रहे। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान लेफ्टिनेंट जनरल घई और एयर मार्शल भारती संयुक्त सैन्य प्रेस ब्रीफिंग में सेना और वायुसेना का प्रतिनिधित्व भी कर चुके थे। परम विशिष्ट सेवा मेडल से नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन, पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग आफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल संजय वात्सायन तथा चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
उत्तम युद्ध सेवा मेडल पाने वालों में देश के अगले थलसेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ और वाइस एडमिरल तरुण सोबती शामिल हैं। केंद्र सरकार ने 13 जून को लेफ्टिनेंट जनरल सेठ को 30 जून की दोपहर से नया थलसेना प्रमुख नियुक्त करने की घोषणा की थी।







