सिंधुदुर्ग। महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग स्थित रिसॉर्ट में बड़ा हादसा सामने आया है। स्विमिंग पूल में सिर के बल 4 फीट गहरे पूल में छलांग लगाने के कुछ देर बाद युवक की मौत हो गई। हादसे का वीडियो भी सामने आया है। मृतक की पहचान श्रीनिक मिलिंद टाकले के रूप में हुई है। वह कोल्हापुर जिले का रहने वाला था।
युवक वीडियो में वह करीब 8 से 10 फीट ऊंचाई से स्विमिंग पूल में सिर के बल छलांग लगाता नजर आ रहा है। इसके बाद उनका सिर पूल के फ्लोर से टकरा जाता है। गंभीर चोट लगने से श्रीनिक की मौत हो जाती है। आसपास के दोस्तों को लगा कि वह एक ही स्थान पर स्वीमिंग कर रहा है।
स्विमिंग पूल की गहराई करीब 4 फीट थी
पुलिस के मुताबिक, जिस स्विमिंग पूल में श्रीनिक ने छलांग लगाई थी, उसकी गहराई करीब 4 फीट थी। हादसे के बाद उनके दोस्त उन्हें तुरंत मालवन ग्रामीण अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। श्रीनिक 20 जून को अपने 9 दोस्तों के साथ छुट्टियां मनाने मालवन के वायरी इलाके स्थित एक रिसॉर्ट गया था। इसी दौरान स्विमिंग पूल में हादसा हो गया।
हादसे से कुछ देर पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में श्रीनिक टाकले अपने दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल के किनारे डांस करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है।







