Home » कारगिल विजय दिवस : राष्ट्रपति-पीएम ने वीरों को किया नमन, पोस्ट में ये लिखा
देश

कारगिल विजय दिवस : राष्ट्रपति-पीएम ने वीरों को किया नमन, पोस्ट में ये लिखा

नई दिल्ली। देश आज 26वां कारगिल विजय दिवस मना रहा है। 26 जुलाई को मनाए जाने वाला कारगिल विजय दिवस सिर्फ जीत की एक कहानी नहीं, बल्कि भारतीय सेना के बलिदान और तपस्या को भी दिखाता है। यह दिन भारत के इतिहास में गौरव की किरण की तरह चमकता है।
यह 1999 की उस शानदार विजय का प्रतीक है जब हमारे सैनिकों ने बर्फ से ढकी चोटियों और दुश्मन की लगातार गोलाबारी का सामना करते हुए, बेजोड़ साहस और अटूट संकल्प के साथ कारगिल की चोटियों पर फिर से विजय हासिल की थी। 26 जुलाई को, लद्दाख की दुर्गम पहाड़ियों पर तिरंगा एक बार फिर शान से लहराया, जो बलिदान, वीरता और अटूट राष्ट्रीय भावना का प्रतीक है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी वीरों को किया नमन :  इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी वीरों को नमन किया। सोशल मीडिया एक्स पर राष्ट्रपति भवन की तरफ से किए गए पोस्ट में लिखा गया- कारगिल विजय दिवस पर मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर योद्धाओं को मैं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। उनका अद्वितीय पराक्रम, अडिग संकल्प और अनन्य राष्ट्रभक्ति हमारी सेना की गौरवशाली परंपरा के अप्रतिम उदाहरण हैं। देश, सदैव उनका ऋणी रहेगा। हमारे उन पराक्रमी वीरों की शौर्यगाथा, आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा के पथ पर चलने के निरंतर प्रेरित करती रहेगी।
पीएम मोदी ने भी बलिदानियों को किया याद :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस पर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘कारगिल विजय दिवस पर, हमारा देश भारत की सुरक्षा के लिए बहादुर सैनिकों के असाधारण साहस और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करता है। बेहद मुश्किल हालात में भी उनका अदम्य साहस हमेशा राष्ट्रीय गौरव का स्रोत बना रहेगा। उनकी अटूट देशभक्ति और कर्तव्य-निष्ठा पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी’।
वीर सैनिकों को शत-शत नमन- राजनाथ सिंह :  रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, ‘कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मातृभूमि की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी वीर सैनिकों को शत-शत नमन। वर्ष 1999 में कारगिल की दुर्गम चोटियों पर असाधारण पराक्रम का परिचय देने वाले सभी वीर सैनिकों के प्रति देशवासी सदैव कृतज्ञ एवं ऋणी रहेंगे। भारतीय सेना का अदम्य साहस, त्याग और अटूट संकल्प आने वाली पीढ़ियों को देशप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और मातृभूमि के लिए सर्वस्व समर्पित करने की प्रेरणा देता रहेगा’।

वीर सपूतों को नमन करता हूं- अमित शाह :  केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, ‘कारगिल विजय दिवस’ भारतीय सेना के अदम्य शौर्य और अद्भुत पराक्रम का प्रतीक है। वर्ष 1999 में हिमालय की दुर्गम बर्फीली चोटियों पर विषम परिस्थितियों और शत्रु के ऊंचाई पर स्थित मोर्चों के बावजूद, हमारे वीर जवानों ने ‘ऑपरेशन विजय’ के माध्यम से दुश्मन को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। ‘कारगिल विजय दिवस’ पर उन सभी वीर सपूतों का स्मरण कर नमन करता हूं, जिन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान देकर देश की अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखा’।

Search

Archives