रोंगटे खड़े कर देगा वीडियो, हादसे के वक्त खाली थी इमारत
शिमला। हिमाचल की राजधानी शिमला इन दिनों मूसलाधार बारिश की मार झेल रहा है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं। हर रोज कहीं न कहीं से हादसों की खबरें सामने आ रही हैं। बीते दो दिनों से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। लोगों के घरों में डर समा गया है और हर कोई आसमान की तरफ देख कर दुआ कर रहा है कि ये कहर थमे।
इसी बीच शिमला से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर रोंगटे खड़े हो जाएं। शहर के भट्टाकुफर इलाके में एक पांच मंजिला इमारत देखते ही देखते भरभराकर गिर पड़ी। पहाड़ की ढलान पर बनी ये इमारत तेज बारिश के चलते ताश के पत्तों की तरह ढह गई। घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गनीमत यह रही कि हादसे के समय इमारत खाली थी, वरना जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
राज्य में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए शिमला मौसम विभाग ने 29 जून को प्रदेश के 10 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। लोगों को बेवजह घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। वहीं, लगातार हो रही बारिश ने राज्य की जीवन रेखा मानी जाने वाली शिमला-कालका रेलवे लाइन पर भी असर डाला है। पटरियों पर मलबा और पेड़ गिरने से रेल सेवाएं कई घंटों तक ठप रहीं।
इधर सड़कों की हालत भी कुछ खास नहीं है। एनएच-5 पर कोटी के पास भूस्खलन के चलते हाईवे का बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो गया है। नतीजा ये हुआ कि शिमला और चंडीगढ़ के बीच सफर करने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि चक्की मोड़ के पास हुए भूस्खलन के बाद फिलहाल यातायात रोक दिया गया है। मौके पर पुलिस की टीम मौजूद है और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।







