Road Accident : तमिलनाडु के शिवगंगा जिले में तिरुपथुर के पास रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो बसों की आमने-सामने टक्कर में एक बच्चे समेत कुल 11 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में करीब 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना की पुष्टि शिवगंगा जिले के पुलिस अधीक्षक शिवा प्रसाद ने की।
पुलिस की मानें तो एक बस कराईकुडी जा रही थी, जबकि दूसरी मदुरै की तरफ जा रही थी, तभी थिरुपथुर के पास दोनों बसों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। कई यात्री गाड़ियों के अंदर फंस गए, जिन्हे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।
शिवगंगा के जिला अस्पताल में घायलों का इलाज जारी- पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कई घायलों को शिवगंगा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
CM ने गहरा शोक व्यक्त किया – तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। घायलों को तत्काल बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के साथ-साथ मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।







