Home » कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला जत्था पहुंचा सिक्किम, 20 जून को तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में करेंगे प्रवेश
देश

कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला जत्था पहुंचा सिक्किम, 20 जून को तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में करेंगे प्रवेश

गंगटोक। भगवान शिव के पवित्र धाम कैलाश मानसरोवर की कठिन व आध्यात्मिक यात्रा के लिए इस वर्ष का पहला जत्था सोमवार को सिक्किम की राजधानी गंगटोक पहुंच गया। भारत-चीन सीमा पर स्थित ऐतिहासिक नाथुला दर्रे के रास्ते आयोजित हो रही इस पवित्र यात्रा में शामिल 44 श्रद्धालु उत्साह और भक्ति से भरे हैं। इस दल में 32 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल हैं, जिनकी आयु 18 से 70 वर्ष के बीच है। यात्रा दल के साथ दो लाइन आफिसर और एक चिकित्सक भी मौजूद हैं। ये पूरे मार्ग में उनकी देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।

सभी श्रद्धालु दिल्ली से बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डे और वहां से राजधानी गंगटोक आए हैं। उन्हें 16 जून को नाथुला मार्ग की ओर रवाना किया जाएगा। कस्टम, पासपोर्ट और सीमा संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद 20 जून को पहला जत्था नाथुला दर्रे से होकर तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में प्रवेश करेगा। नाथुला मार्ग से कैलाश मानसरोवर यात्रा का आयोजन वर्ष 2015 में शुरू हुआ था, लेकिन डोकलाम क्षेत्र में उत्पन्न तनावपूर्ण परिस्थितियों के कारण इसे कुछ वर्षों के लिए स्थगित करना पड़ा। वर्ष 2025 में यात्रा का पुनः संचालन शुरू हुआ।

Search

Archives