मुंबई के गोरेगांव ईस्ट स्थित फिल्म सिटी में सोमवार को आग लग गई थी। आग का धुआं पास के ‘हसल सीजन 5’ और ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सेट तक पहुंच गया, जिसके बाद वहां मौजूद कलाकारों और क्रू को सेट से बाहर निकालना पड़ा।
ऑल इंडिया फिल्म एम्प्लॉइज कन्फेडरेशन के अध्यक्ष और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के महासचिव अशोक दुबे ने बताया कि अगर ‘पति पत्नी और पंगा 2’ के सेट पर उस समय शूटिंग चल रही होती, तो हादसा काफी बड़ा हो सकता था।

उन्होंने बताया कि सेट के शेड में आग लगी और धुआं ‘हसल 5’ और ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सेट तक पहुंच गया। धुएं की वजह से अमिताभ बच्चन समेत पूरी टीम को बाहर निकलना पड़ा। इसके चलते करीब डेढ़ घंटे तक शूटिंग रुकी रही। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
आग का असर ‘हसल सीजन 5’ के फिनाले की शूटिंग पर भी पड़ा। उस समय सेट पर रैपर बादशाह, अभिनेता समर्थ जुरेल और शो के कंटेस्टेंट्स मौजूद थे। अचानक धुआं और जलने की गंध महसूस होने के बाद सभी को सेट से बाहर निकलना पड़ा।
बताया जा रहा है कि ‘पति पत्नी और पंगा 2’ के पास लगे टेंट भी आग की चपेट में आ गए और पूरी तरह जल गए। हालांकि, आग ज्यादा नहीं फैली और फायर ब्रिगेड ने जल्द ही इसे काबू में कर लिया।
स्थिति सामान्य होने और जगह को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ‘हसल 5’ के फिनाले की शूटिंग दोबारा शुरू कर दी गई। सुखद पहलू ये रहा कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।







