उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट इलाके में एक सरकारी स्कूल के पास बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिला है डाबरा गांव के सरकारी हाई सेकंडरी स्कूल के पास झाड़ियों में रखे कई पैकेटों में से जिलेटिन स्टिक बरामद की गई।
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एक्सप्लोसिव एक्ट 1908 की धारा 4(a) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 288 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। हाल ही में हरियाणा में भी भारी मात्रा में विस्फोटक मिले थे।
प्रिंसिपल ने सबसे पहले देखे संदिग्ध पैकेट- स्कूल के प्रिंसिपल सुभाष सिंह ने सबसे पहले संदिग्ध पैकेटों को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते दो पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे स्कूल परिसर को घेर लिया गया। इसके बाद उधम सिंह नगर और नैनीताल से बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड बुलाए गए। टीमों ने आसपास का इलाका खाली कराया और सर्च ऑपरेशन शुरू किया, ताकि कहीं और भी विस्फोटक ना हो।
20 किलो है बरामद विस्फोटक का वजन- डॉग स्क्वॉड ने झाड़ियों में और आगे खोज की तो करीब 20 फीट दूरी पर कुछ और पैकेट मिले। सभी पैकेटों में जिलेटिन स्टिक भरी हुई थी। बम स्क्वॉड इन्हें सावधानी के साथ इकट्ठा कर सुरक्षित स्थान पर ले गया। इस दौरान स्कूल और गांव दोनों क्षेत्रों में पुलिस की अतिरिक्त सुरक्षा तैनात कर दी गई। बरामद सामग्री का वजन लगभग 20 किलो से ज्यादा बताया गया है।
SSP देवेन्द्र पिंचा ने बताया कि कुल 161 जिलेटिन स्टिक बरामद हुई हैं और इनके सोर्स की जांच की जा रही है। यह विस्फोटक अक्सर कंस्ट्रक्शन और माइनिंग में इस्तेमाल होता है, लेकिन किसी गांव में स्कूल के पास इसका मिलना बेहद चिंता की बात है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर – देशभर में हाल की घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियां पहले से अलर्ट पर हैं। दिल्ली ब्लास्ट और हरियाणा में मिले हजारों किलो विस्फोटक के बाद कई राज्यों में सर्च अभियान चल रहा है। कुछ आतंकी मॉड्यूल बड़े शहरों में सीरियल धमाकों की योजना बनाते पकड़े गए थे। ऐसे में अल्मोड़ा में स्कूल के विस्फोटक मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं।







