नागपुर। कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) के प्रबंधन ने एक बड़ा फैसला लेते हुए जूनियर डॉक्टर प्रीति श्याम पाटिल को बीसीसीएल में ट्रांसफर कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह फैसला डब्लूसीएल नागपुर एरिया स्थिति नेहरू चिकित्सालय में हुई मारपीट की घटना के बाद आया है। डॉ पाटिल पर आरोप हैं कि उन्होंने सीएमओ डॉ शैला देवगड़े के साथ मारपीट की थी।
क्या है मामला?
स्थानीय अखबारों में छपी खबरों के मुताबिक, डॉ पाटिल दो कर्मियों अमजद रहमतुल्लाह खान और रूबी राजन राजपूत के साथ सीएमओ के कक्ष में घुसीं और अपशब्द कहने लगीं। इसके बाद डॉ पाटिल ने चप्पल उतारकर सीएमओ पर हमला कर दिया। इस दौरान अमजद रहमतुल्लाह ने सीएमओ के चेंबर का दरवाजा बंद कर दिया, जिसे बाद में अस्पताल के कर्मचारियों ने खोला।
क्या हुई कार्रवाई?
कोल इंडिया के आदेश के आलोक में डब्ल्यूसीएल ने डॉ पाटिल को स्टैंड रिलीज करने का पत्र जारी कर दिया है। इस मामले में कन्हान थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। अब देखना यह है कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है और दोषियों को क्या सजा मिलती है ।







