Home » BJP की शानदार जीत पर अमित शाह ने बंगाल की जनता का जताया आभार, जानें क्या कहा
देश

BJP की शानदार जीत पर अमित शाह ने बंगाल की जनता का जताया आभार, जानें क्या कहा

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत पर गृहमंत्री अमित शाह ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने इस जीत के लिए बंगाल की जनता का आभार जताया है। अमित शाह ने एक्स पर लिखा, “बंगाल की जनता को कोटि-कोटि नमन, यह प्रचंड जनादेश भय, तुष्टीकरण और घुसपैठियों के संरक्षकों को बंगाल की जनता का करारा जवाब है। यह टीएमसी के ‘भय’ के ऊपर नरेंद्र मोदी जी पर ‘भरोसे’ की जीत है। मेरे जैसे हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए यह गर्व का क्षण है कि गंगोत्री में मां गंगा के उद्गम से लेकर गंगासागर तक आज हर जगह भाजपा का भगवा ध्वज शान से लहरा रहा है।”

अमित शाह ने दूसरे पोस्ट में कार्यकर्ताओं की तारीफ करते हुए लिखा, “बंगाल में भाजपा को मिली यह ऐतिहासिक जीत हमारे असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। यह उन परिवारों के धैर्य की जीत है, जिन्होंने हिंसा सहकर भी भगवा ध्वज नहीं छोड़ा। भाजपा की शून्य से आज प्रचंड बहुमत तक पहुंचने की इस कठिन यात्रा में जिन कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी, हिंसा झेली, यातनाएं सहीं और फिर भी विचारधारा के पथ से डिगे नहीं, उन सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों को नमन करता हूं।

बंगाल की जनता ने इस प्रचंड बहुमत से भाजपा के उन सभी शहीद कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी है। इस ऐतिहासिक विजय के लिए मैं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी और बंगाल के कोने-कोने में डटे हर एक कार्यकर्ता को बधाई देता हूं।”

Search

Archives