Home » पीएम मोदी बोले- वर्षों की साधना सिद्धि में बदली, हमारा मंत्र- नागरिक देवो भव, जानें और क्या कहा  
देश

पीएम मोदी बोले- वर्षों की साधना सिद्धि में बदली, हमारा मंत्र- नागरिक देवो भव, जानें और क्या कहा  

नई दिल्ली। विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल और असम में प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज की है। भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में भी जश्न का माहौल है। पीएम मोदी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में वे पांचों राज्यों की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।

पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी है। पीएम मोदी के पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनका स्वागत किया। पुष्पवर्षा के साथ पीएम मोदी का भव्य स्वागत हुआ। पीएम मोदी इस दौरान एक अलग परिधान में नजर आए।

आज से बंगाल भयमुक्त हुआ है- पीएम मोदी :  इस दौरान पीएम मोदी ने कहा गुजरात में इस बार भाजपा को स्थानीय चुनाव में सबसे बड़ा वोट शेयर मिला है। ये भाजपा की गुड गवर्नेंस का सबसे बड़ा उदाहरण है। आज भाजपा कार्यकर्ता के रूप में मेरे मन में एक और बात आ रही है। डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को कितनी शांति मिली होगी। उन्होंने 1951 में जनसंघ की स्थापना करके प्रत्येक कार्यकर्ता को संदेश दिया था कि देश के लिए जीना है और देश के लिए मरना है। उन्होंने अपने जीवन से साबित किया कि राष्ट्र सर्वोपरि का मंत्र लेकर चलने वाले अपना जीवन देने में एक पल का भी संकोच नहीं करते। डॉ. मुखर्जी ने पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने के लिए एक बड़ी लड़ाई लड़ी। उन्होंने जिस समृद्ध बंगाल का सपना देखा था, वह सपना कई दशकों से पूरा होने का इंतजार कर रहा था। आज 4 मई 2026 को बंगाल की जनता ने हम भाजपा कार्यकर्ताओं को अवसर दिया है। साथियों बंगाल के भाग्य में आज से एक नया अध्याय जुड़ गया है। आज से बंगाल भयमुक्त हुआ है। विकास के भरोसे से युक्त हुआ है। बांग्लाए पोरिबोर्तन होए गए छे।

‘मैं यह जीत बंगाल की जनता को समर्पित करता हूं’  :  प्रधानमंत्री ने आगे कहा- इस जीत के साथ-साथ वंदे मातरम के 150वें वर्ष में भारत माता को और उसी बंकिम जी को बंगाल के लोगों ने अपना सादर नमन प्रेषित किया है। श्री अरबिंदो को भी मतदाताओं ने ऐतिहासिक श्रद्धांजलि दी है। बंगाल में हमारे कितने भी कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन इस जीत के लिए समर्पित किया है। भाजपा की कितनी महिला कार्यकर्ताओं को तमाम अत्याचार सहने पड़े। केरल में और बंगाल में भाजपा के हर कार्यकर्ता को कितनी मुसीबतें झेलनी पड़ीं। उन पर कितने जुल्म हुए हैं, कितने अत्याचार हुए हैं। मैं आज बंगाल में भाजपा की सफलता का श्रेय ऐसे सभी कार्यकर्ताओं को और उनके परिवारों को देता हूं। मैं यह जीत बंगाल की जनता को समर्पित करता हूं।

‘बंगाल की पावन धरा पर आज एक नया सूर्योदय हुआ’ :  उन्होंने आगे कहा- 4 मई की यह शाम भले ही ढल रही हो, लेकिन बंगाल की पावन धरा पर आज एक नया सूर्योदय हुआ है। एक ऐसा सवेरा, जिसका इतंजार पीढ़ियों ने किया है। भाजपा ने जितनी सीटें जीतीं वह महज एक चुनावी आंकड़ा नहीं है। ये उस अडिग विश्वास की हुंकार है, जिसने डर, तुष्टिकरण और हिंसा की राजनीति को जड़ से उखाड़ फेंका है। साथियों आज से बंगाल के भविष्य की एक ऐसी यात्रा शुरू हो रही है, जहां विकास, अटूट विश्वास और नई उम्मीदें कदम से कदम मिलाकर चलेंगी।

‘बंगाल में अब महिलाओं को सुरक्षा का माहौल मिलेगा’ :  पीएम मोदी ने आगे कहा- मैं आज हर बंगाल वासी को भरोसा देता हूं कि बंगाल के बेहतर भविष्य के लिए भाजपा दिन-रात एक कर देगी। बंगाल में अब महिलाओं को सुरक्षा का माहौल मिलेगा। युवाओं को रोजगार मिलेगी। पलायन रुकेगा। पहली कैबिनेट में ही आयुष्मान भारत योजना को हरी झंडी दिखाई जाएगी और घुसपैठियों के खिलाफ भी सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। इस महाविजय की दहलीज पर खड़े होकर हम गुरुदेव टैगोर को भी याद कर रहे हैं।

बंगाल ने परिवर्तन के नए दौर में प्रवेश किया- पीएम :  पीएम मोदी ने कहा- आज जब बंगाल ने परिवर्तन के नए दौर में प्रवेश किया है, तो मैं बंगाल के हर राजनीतिक दल से एक आग्रह भी करना चाहता हूं। बंगाल में बीते दशकों में राजनीतिक हिंसा की वजह से न जाने कितनी जिंदगियां बर्बाद हो चुकी हैं। मेरा मानना है कि आज से बंगाल की चुनावी जो आदतें फैली हुई हैं, उसमें बदलाव आना चाहिए। आज जब भाजपा जीती है तो बदला नहीं, बदलाव की बात होनी चाहिए। भय नहीं, भविष्य की बात होनी चाहिए। मेरी सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं से अपील है कि आइये हिंसा के इस अंतहीन चक्र को हमेशा के लिए खत्म करें। किसने किसे वोट दिया, किसे नहीं दिया, उससे ऊपर उठकर बंगाल की सेवा के लिए काम करें।

विकसित भारत- यह लक्ष्य लेकर हम निकले हैं- पीएम मोदी :  प्रधानमंत्री ने आगे कहा- इन राज्यों में चुनाव और उसके नतीजों की राजनीतिक विशेषज्ञ अपने तरीके से समीक्षा कर रहे हैं। लेकिन इन नतीजों की एक और अहम बात है, इनकी टाइमिंग। आप देख रहे हैं कि जब इन राज्यों में जनता वोट डाल रही थी, तो इसी दौरान विश्व में क्या कुछ नहीं हुआ। जगह-जगह युद्ध के सायरन बज रहे थे। अस्थिरता और अराजकता का माहौल रहा। उस दौरान भारत का जन-जन स्थिरता के लिए वोट दे रहा था। आज पश्चिम एशिया में चल रहे संकट का देश पर पूरा असर पड़ा है, लेकिन भारत पूरे सामर्थ्य से इस संकट का सामना कर रहा है। इस चुनाव ने दिखाया है कि भारत इस चुनौती में भी एकजुट है, एकमत है और एक लक्ष्य से संकल्पित है। वह लक्ष्य है- विकसित भारत। यह लक्ष्य लेकर हम निकले हैं।

हमारा एक ही मंत्र-नागरिक देवो भव: :  पीएम मोदी ने कहा कि आज देश के 20 से ज्यादा राज्यों में बीजेपी सरकार है। हमारा एक ही मंत्र है- नागरिक देवो भव:।  इसलिए जनता बीजेपी ज्यादा से ज्यादा भरोसा कर रही है। जनता साफ देख रही है जहां भाजपा वहां गुड गर्वनेंस, जहां भाजपा वहां विकास।

आज का दिन ऐतिहासिक :  पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है जब वर्षों की साधना सिद्धि में बदलती है तो चेहरे पर जो खुशी होती है, वो खुशी मैं देशभर के बीजेपी कार्यकर्ता के चेहरे पर देख रहा हूं। आज का यह दिन कई मायनों में खास है। देश के उज्जवल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है। भरोसे का दिन है। भरोसा भारत के महान लोकतंत्र पर, भरोसा परफॉर्मेंस की कसौटी पर, भरोसा एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना पर.. मैं बंगाल, असम, केरल, पुड्डुचेरी और तमिलनाडु की जनता आभार व्यक्त करता हूं।

Search

Archives