श्रीनगर। पहलगाम आतंकी हमले के बाद बंद किए गए 50 पर्यटन स्थलों में 12 पर्यटन स्थल सोमवार 29 सितंबर को आम लोगों के लिए फिर से खुल जाएंगे। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को इस आशय का एक आदेश एकीकृत मुख्यालय में प्रदेश के मौजूदा आंतरिक और बाहरी सुरक्षा परिदृश्य का जायजा लेने के बाद जारी किया है।
इससे पूर्व उन्होंने एकीकृत मुख्यालय की बैठक सभी सुरक्षा एजेंसियों को आतंकियों व अलगाववादियों के खिलाफ अभियान जारी रखने का निर्देश देते हुए कहा कि घुसपैठ के साथ-साथ आतंकियों की भर्ती को समाप्त किया जाना जरुरी है। यह तभी होगा जब सभी सुरक्षा एजेंसियों में घनिष्ठ समन्वय और खुफिया तंत्र पूरी तरह से समर्थ व सजग रहेगा।
50 पर्यटनस्थलों को कर दिया गया था बंद
22 अप्रैल को बैसरन पहलगाम में आतंकियों द्वारा 26 लोगों की हत्या किए जाने के बाद पूरे प्रदेश में लगभग 50 पर्यटनस्थलों को आम लोगों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया था। इन सभी पर्यटनस्थलों का सुरक्षा ऑडिट करने और सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने की प्रक्रिया को शुरु किया गया।
इसके बाद जून में 16 पयटन स्थलों को खोल दिया गया था। शेष बंद रखे गए थे। पर्यटन उद्योग से जुड़े स्थानीय लोग बंद रखे गए सभी पर्यटनस्थलों को खोले जाने की मांग लगातार कर रहे हैं। इससे कई लोगों की आजीविका प्रभावित हो रही थी।
सीएम ने भी की थी मांग
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी कई बार बंद पर्यटनस्थलों को खोलने की मांग करते हुए कहा कि जब दावा किया जाता है कि हालात ठीक है, आतंकवाद समाप्त हो गया है, स्थिति नियंत्रण में है, पर्यटनस्थलों को बंद रखने का कोई औचित्य नहीं है।







