धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बीच दो बड़े हादसे हुए हैं, इनमें 7 लोगों की मौत हो गई है। जिला चंबा के लाहड़ में गाड़ी खाई में गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक साल का बच्चा भी शामिल है। वहीं, कांगड़ा जिला में पठानकोट-मंडी हाईवे पर बीती रात 53 मील के पास ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया, इसमें दो लोगों की मौत हो गई। 53 मील और खोली को जोड़ऩे वाले पुल पर 16 टायर का बड़ा ट्रक पुल की रेलिंग को तोड़ता हुआ नीचे खड्डे में जा गिरा। ट्रक सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक फरार हो गया। दोनों मृतक नगरोटा बगवां के बताए जा रहे हैं।
पुलिस स्टेशन कांगड़ा के प्रभारी संजीव के अनुसार मृतकों की पहचान 39 वर्षीय मनु महाजन कायस्थ वाड़ी नगरोटा बगवां और 51 वर्षीय लुम्मा राम के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है बताया जा रहा हैं कि पंजाब नंबर का है, जिसमें चालक सहित कुल तीन लोग सवार थे। जब ट्रक पुल से गुजर रहा था, उसी समय यह हादसा हुआ। मौके पर पहुंचे लोगों के अनुसार ट्रक में चालक समेत कुल तीन लोग थे, जिसमे से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।







