बिहार। नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर रेलखंड में गुरुवार एक बड़ा हादसा होने से टल गया। मझौलिया-बेतिया रेलवे स्टेशन के बीच महोद्दीपुर रेल गुमटी के पास 15273 सत्याग्रह एक्सप्रेस का ईंजन बोगी छोड़कर आगे निकल गई। बोगियां बिना इंजन के पटरी पर दौड़ने लगी।
मिली जानकारी के अनुसार 15273 सत्याग्रह एक्सप्रेस ईंजन चार बोगियों को लेकर आगे निकल गया। शेष बोगियां पीछे-पीछे बिना ईंजन के पटरी पर दौड़ने लगी। ईंजन अभी 100 मीटर आगे बढ़ा था कि चालक को इसकी जानकारी हुई। चालक ने आपातकाल ब्रेक लगाकर ईंजन समेत चार बोगियों को रोका। उसके बाद फिर से सभी बोगियों को जोड़कर ट्रेन का परिचालन शुरू किया गया। इस दौरान करीब 15 मिनट तक ट्रेन रेल फाटक के समीप खड़ी रही। मामले को लेकर यात्रियों ने हंगामा भी किया। बताया जाता है कि बोगियों को कनेक्ट करने के लिए लगाए गए कपलिंग के अचानक टूट जाने के कारण यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार रक्सौल-आनंद बिहार सत्याग्रह एक्सप्रेस रक्सौल से निर्धारित समय पर रवाना हुई थी। गुरुवार की सुबह करीब 9 बजे के आसपास महोद्दीपुर रेल गुमटी के पास पहुंची थी। ट्रेन में सफर कर रहे यात्री राकेश कुमार ने बताया कि मझौलिया से ट्रेन छूटने के बाद रूक-रूककर हिचकोले खा रही थी, लेकिन चालक का ध्यान इस ओर नहीं गया। महोद्दीपुर गुमटी पर पहुंचते हीं जोर का झटका लगा और ईंजन समेत चार बोगी आगे निकल गई, जबकि 18 बोगियां ट्रैक पर बिना इंजन के पीछे-पीछे दौड़ने लगी।







