कोरबा । उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सूपातराई निवासी 65 वर्षीय बुद्धू राम मैत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वे रोज की तरह सुबह दातुन करने के लिए घर से निकले थे। परिजनों के अनुसार, बुद्धू राम मैत्री प्रतिदिन सुबह टहलने और दातुन करने के बाद कुछ ही समय में वापस लौट आते थे। कई घंटे बीत जाने के बाद भी जब वे घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों को उनकी चिंता हुई।
इसके बाद आसपास के क्षेत्र में उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान गांव के तालाब में उनका शव दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना उरगा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक आशंका डूबने से मौत की जताई जा रही है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है, गांव में शोक का माहौल है। उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकालने के बाद पंचनामा कार्यवाही की गई। परिजनों ने अपने बयान में बताया कि बुद्धू राम रोज घर से तालाब जाते थे और आज देर तक नहीं आने पर खोजबीन की गई, तब तालाब में शव देखा गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।







