कोरबा। बालको नगर में बुधवार को आगजनी की घटना सामने आई है। रामलीला मैदान स्थित गुमटी में दोपहर लगभग 2 बजे के आसपास अचानक आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा तफरी मच गई। बालको के अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत बाद आग पर काबू पाया।
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि जिस दुकान में आग लगी वह पिछले कुछ दिनों से बंद था। आग कैसे लगी इसका अंदाजा नहीं लगा है। दुकानदारों ने यह भी बताया कि गुमटी के पीछे असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी लगा रहता है। यहां नशीले पदार्थो का सेवन किया जाता है। ऐसे में अनहोनी घटना की आशंका बनी रहती है।







