कोरबा। कोयलांचल क्षेत्र में दो अलग-अलग दिन हुई वारदातों में अज्ञात चोरों ने दो हार्डवेयर दुकानों को निशाना बनाया है। सेंधमारी कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बांकीमोंगरा क्षेत्र में चोरी के बाद हरदीबाजार की दुकान से चोरी हुई है।
हरदी बाजार थाना अंतर्गत किशन ट्रेडर्स में दुकान के पीछे खेत की तरफ से सेंधमारी की गई। 11-12 अगस्त की रात दीवार तोड़ने के बाद वहां मौजूद रेक की प्लाई को तोड़ा और रात दुकान में घुसकर करीब 15 से 20 मिनट में वारदात कर लौट गए। सीसीटीवी कैमरे में दो नकाबपोश चोर दिख रहे हैं जो गमछा लपेटकर घुसे थे।
संचालक लेख राम राठौर पिता ईश्वर सिंह के मुताबिक गल्ले में रखा नगदी करीब 1500 रुपए चिल्हर और दो-तीन नग टाइल्स एवं लकड़ी काटने वाली कटर मशीन, पेण्ट मिक्स करने वाली ब्लोवर मशीन का मोबाइल और सॉफ्टवेयर तथा काउंटर पर रखा बिल अपने साथ ले गए हैं। जब इन्हें कैमरे का पता चला तो उसका मुंह ऊपर की तरफ मोड़ दिए।
मिली जानकारी के अनुसार हरदी बाजार थाना क्षेत्र में पिछले 1 माह में चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं। पहले राधे मोबाइल, फिर बजरंग चौक स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर दान पेटी की चोरी, इसके बाद चेन स्नेचिंग की वारदात हुई। हालांकि इन सभी मामलों में आरोपी पकड़े जा चुके हैं किंतु चोरियों से स्थानीय लोगों में दहशत बनी हुई है। वहीं वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों पर पुलिस का खौफ नजर नहीं आ रहा है और दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
बता दें कि इससे पहले बांकीमोंगरा थाना अंतर्गत ग्राम देवरी पुल से 100 मीटर की दूरी पर मुख्य मार्ग में संचालित चन्द्र हार्डवेयर में सेंधमारी कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। 10-11 अगस्त के दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध मार कर भीतर प्रवेश किया और कलर बनाने वाला ब्लोअर मशीन चोरी कर फरार हो गए।







