कोरबा। कोतवाली के समीप बस स्टैंड मेंएक बड़ी घटना होने से टल गई है। यहां तीन युवकों ने मिलकर एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं मारपीट के बाद युवकों ने उसे होटल की भट्ठी में डालने का प्रयास किया। घटना की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।
घटना रविवार की रात 10 बजे की है। बस स्टैंड के पीछे गुमटियों के बीच कुछ लोग जाम छलका रहे थे। इसी बीच मिशन रोड निवासी आनंद रैकवार वहां पहुंचा और सिगरेट पीने लगा। इतने में तीन युवक पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर युवकों ने आनंद की लात घूसे और बेल्ट से जमकर पिटाई कर दी। इसी बीच कुछ लोगों ने युवक को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं मान रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक को पिटाई के बाद होटल की जलती भट्ठी में डालने का प्रयास किया गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।







