Home » शराब दुकान में सेंधमारी : हजारों रूपए की शराब व बीयर की बोतल ले गए चोर, कैश को छोड़ा
कोरबा

शराब दुकान में सेंधमारी : हजारों रूपए की शराब व बीयर की बोतल ले गए चोर, कैश को छोड़ा

कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर में स्थित एक सरकारी देसी एवं विदेशी शराब दुकान में चोरों ने सेंधमारी कर हजारों रुपए की शराब चोरी कर ली।  चोरों ने बड़ी चालाकी से दुकान की दीवार में एक बड़ा होल किया और उसके रास्ते अंदर घुस गए। इस घटना में चोर देसी शराब व बीयर की बोतलें लेकर फरार हो गए। हालांकि काउंटर में रखे कैश को ले जाने में उन्हें सफलता नहीं मिली।

घटना की जानकारी तब हुई जब सुबह दुकान खोलने आए कर्मचारियों ने शटर खोला। दुकान के भीतर का मंजर देख कर्मचारियों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत पुलिस और आबकारी विभाग को इस घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

रामपुर शराब दुकान के सेल्समेन सूरज साहू ने बताया कि 14 अगस्त की रात निर्धारित दुकान समय 10 बजे के अनुसार दुकान बंद कर सभी कर्मचारी घर चले गए थे। दुकान पर सेल्समेन, सुपरवाइजर, मुंशी के अलावा दो अन्य कर्मचारी हैं। 15 अगस्त को दुकान शासन के निर्देशानुसार बंद किया गया था। वहीं, 16 अगस्त की सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे, इस दौरान दुकान पर ताला लगा हुआ था, जहां खोलकर अंदर देखा तो दुकान के पीछे की दीवार से सेंधमारी हुई थी। जहां से चोर देसी और अंग्रेजी शराब की बोतल लेकर फरार हो गए है। कितनी पेटियां लेकर गए हैं उसका आंकलन किया जा रहा है। वहीं, चोर कैश काउंटर में रखे नगदी रकम लेकर नहीं गए हैं।

Search

Archives