कोरबा। नगर पंचायत छुरीकला में मवेशी मालिक काफी परेशान हैं। नगर पंचायत में पशु चिकित्सालय होते हुए भी सुविधा का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। इलाज उचित समय पर नहीं मिलने से मवेशियों की मौत हो रही है।
पशु चिकित्सालय में यह स्थिति पिछले दो माह से निर्मित हो रही है, क्योंकि वहां पशु चिकित्सक है ही नहीं। जिससे पशु मालिकों में इस तरह की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि दो माह पहले एक महिला पशु चिकित्सक को यहां पदस्थ किया गया था। पदस्थापना के साथ ही वे अवकाश पर चल रही हैं। वहां कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है।
एक चिकित्सक के साथ ही वहां एक कंपाउंडर की भी पदस्थापना हुई है। जो गांव-गांव में जाकर मवेशियों का उपचार करता था। उसे भी किसी अन्य पशु चिकित्सालय में स्थानांतरण कर दिया गया है। जिसके कारण ग्राम पंचायत छुरी का पशु चिकित्सालय चिकित्सक विहीन हो गया है। नगर के गौ सेवकों ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में जानवर अनेक तरह की बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। आए दिन दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं जिन्हें उचित समय पर उपचार नहीं मिल पाने से मौत हो रही है। जिला पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किए जाने से क्षेत्र के जानवर बीमारी और दुर्घटना से बेमौत मर रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि चिकित्सालय में पशु चिकित्सक की व्यवस्था की जाए, जिससे मवेशियों की जान बचाई जा सके।







