Home » नक्सलियों के शहरी नेटवर्क का खुलासा : मजदूर के भेष में छिपा नक्सली मास्टरमाइंड गिरफ्तार, रायपुर से था कनेक्शन
कोरबा

नक्सलियों के शहरी नेटवर्क का खुलासा : मजदूर के भेष में छिपा नक्सली मास्टरमाइंड गिरफ्तार, रायपुर से था कनेक्शन

कोरबा/रायपुर। जिले में स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सली रामा इच्छा को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार, रामा इच्छा का रायपुर से गहरा कनेक्शन था और वह नक्सलियों की गतिविधियों को समर्थन देने में शामिल था। यह गिरफ्तारी 27 सितंबर, 2025 को कोरबा में की गई छापेमारी के दौरान हुई। रामा इच्छा को बिलासपुर के NIA कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है।
रामा इच्छा कोयला खदान में मजदूर के रूप में काम करता था। वह मजदूर संगठनों के जरिए नक्सलियों को फंडिंग और अन्य सहायता उपलब्ध करवाने में मदद करता था। उसका संबंध रायपुर के चंगोराभाठा में पकड़े गए नक्सली दंपति जग्गू कुरसम और कमला कुरसम से था। ये दोनों भैरमगढ़ डिवीजनल कमेटी और एरिया कमेटी के सक्रिय सदस्य हैं। रामा इच्छा इनके साथ लगातार संपर्क में था और कई बार रायपुर जाकर उनसे मिलता था। जग्गू और कमला भी कोरबा आकर रामा से मिले थे। इनके बीच पैसे का लेन-देन भी होता था, जो नक्सली गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होता था।
एसआईए की इस कार्रवाई से नक्सलियों के शहरी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। रामा इच्छा कोयला खदान में मजदूर के रूप में अपनी पहचान छिपाकर काम करता था, ताकि किसी को शक न हो। उसकी गतिविधियाँ नक्सलियों के लिए धन और संसाधन जुटाने में महत्वपूर्ण थीं। एसआईए अब रामा के अन्य संपर्कों की जाँच कर रही है और कोरबा में अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है। तकनीकी जाँच के बाद दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।

Search

Archives