नकदी-जेवर भी लूटे, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
कोरबा। शहर से लेकर एनटीपीसी मार्ग और बलगी मोड़ तक शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात अज्ञात युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) के पुत्र को बोलेरो वाहन से कुचल दिया गया, जबकि एक युवा पत्रकार का कथित रूप से अपहरण कर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। हमलावरों ने पिस्टलनुमा हथियार से दहशत भी फैलाई और नकदी व जेवर लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हडक़ंप मचा हुआ है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात करीब एक बजे बुधवारी बायपास मार्ग पर कुछ युवक अपनी कार में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक सफेद बोलेरो वहां पहुंची और सड़क़ पर पर्याप्त जगह होने के बावजूद कार के सामने आकर रुक गई। गाड़ी हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवकों ने बोलेरो सवारों को दूसरे रास्ते से निकलने की बात कही, लेकिन वे जानबूझकर विवाद करते रहे। इसी बीच एएसआई रामनारायण रात्रे का पुत्र चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू जैसे ही कार से बाहर निकला, बोलेरो चालक ने तेज रफ्तार से वाहन बढ़ाकर उसे कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद साहिल निर्मलकर और युवा पत्रकार अरविंद राठौर स्कूटी से बोलेरो का पीछा करते हुए बलगी मार्ग तक पहुंचे।
आरोप है कि रास्ते में बोलेरो सवारों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। मोटरसाइकिलों से पहुंचे युवकों ने अरविंद को पकडक़र जबरन कार में बैठा लिया और बलगी क्षेत्र में ले जाकर करीब 25 से 30 लोगों ने लाठी-डंडों से हमला किया। इस दौरान पिस्टलनुमा हथियार उसकी कनपटी पर टिकाकर दो राउंड हवाई फायरिंग भी की गई। हमलावरों ने उसे अधमरा समझकर बलगी मोड़ के पास फेंक दिया तथा उसकी जेब में रखी करीब एक लाख रुपए की नकदी, आईफोन, सोने की अंगूठी और चेन लूट ली।
कुछ देर बाद होश में आने पर अरविंद ने दूसरे मोबाइल से साथियों को सूचना दी। साथी उसे लेकर बांकीमोंगरा थाना पहुंचे और बाद में उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, घायल चंद्रमणि रात्रे का भी इलाज अस्पताल में जारी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले सहित अन्य अधिकारी सक्रिय हुए। पुलिस बुधवारी बायपास से लेकर बलगी मोड़ तक के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।







