कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के चेयरमैन-सह-मैनेजिंग डायरेक्टर (सीएमडी) हरीश दुहन ने सोमवार को कोरबा के कुसमुंडा क्षेत्र का विस्तृत दौरा किया। इस दौरान उन्होंने माइनिंग ऑपरेशन्स, कोयला उत्पादन की तैयारियों और मानसून प्रबंधन का जायजा लिया। दौरे में कलेक्टर कुणाल दुदावत और अपर जिलाधिकारी (एडीएम) देवेंद्र पटेल भी उनके साथ मौजूद रहे।
जमीन अधिग्रहण और आर एंड आर मुद्दों पर मंथन
माइनिंग विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण और पुनर्वास व पुनर्स्थापन (आर एंड आर) कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कुसमुंडा, गेवरा और दीपका जैसे मेगा प्रोजेक्ट्स के एरिया जनरल मैनेजर्स शामिल हुए। अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने खमारिया आर एंड आर साइट और 14 नंबर डंप का दौरा किया, जिसे खोडरी, पाली और जटराज गांवों से विस्थापित होने वाले परिवारों के पुनर्वास के लिए विकसित किया जा रहा है।
सुरक्षा मानकों के साथ उत्पादन में तेजी के निर्देश
दौरे के अगले चरण में सीएमडी ने नीलकंठ ‘अ’ और ‘ब’ माइनिंग पैच का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मानसून के मौसम में भी कोयला निकासी की गति धीमी न पड़े।
मुख्य निर्देशरू “सुरक्षा मानकों से कोई समझौता किए बिना उत्पादन के लक्ष्यों को हासिल किया जाए और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन हो।”
हरीश दुहन, सीएमडी (एसईसीएल)
इसके अतिरिक्त, श्री दुहन ने केएनआर-एसआईएमएल (जेवीएस) कॉन्ट्रैक्ट के तहत एचईएमएम मोबिलाइजेशन की तैयारियों की समीक्षा की और नए आवंटित कार्यों को समय पर शुरू करने के निर्देश दिए।







