कोरबा। सोमवार शाम रेलवे स्टेशन में एक दर्दनाक हादसा हुआ। प्लेटफार्म नंबर एक के यार्ड में दुर्घटना राहत वैन पर पेंटिंग कर रहे एक मजदूर ओएचई (ओवर हेड इक्विपमेंट) की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद घायल युवक को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार रेलवे के सी एंड डब्ल्यू (कैरिज एंड वेगन) विभाग द्वारा दुर्घटना राहत वैन को पेंट कराने का काम पिछले एक सप्ताह से चल रहा था। इस काम का ठेका एक लोकल पेटी ठेकेदार को दिया गया था, जिसने यह कार्य स्टेशन के पास बस्ती में रहने वाले कुछ युवकों को सौंपा था। सोमवार शाम लगभग 4 बजे, जब मजदूर श्याम चौहान (उम्र लगभग 25 वर्ष) दुर्घटना राहत वैन पर पेंटिंग का काम कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना राहत वैन पर काम के दौरान ओएचई लाइन पर विद्युत प्रवाह को सामान्यतः बंद कर दिया जाता है और काम खत्म होने के बाद ही इसे पुनः चालू किया जाता है। घटना के समय भी ऐसा ही हुआ। सभी मजदूर गाड़ी पर पेंटिंग और अन्य काम खत्म करके घर जाने की तैयारी में थे, तभी श्याम चौहान अचानक फिर से वैन के ऊपर चढ़ गए। इसी दौरान लाइन में विद्युत प्रवाह पुनः चालू कर दिया गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। इस घटना ने रेलवे में सुरक्षा मानकों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसे के बाद, घायल श्याम चौहान को जिला अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया। एम्बुलेंस नहीं मिलने पर घायल मजदूर को रेलवे आरपीएफ के विभागीय वाहन में अस्पताल के लिए रवाना किया गया।







