कोरबा। दर्री क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एनटीपीसी नहर की सफाई के दौरान एक साल से भी कम उम्र के बच्चे का शव बरामद हुआ। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार एनटीपीसी नहर में नियमित सफाई के दौरान सफाई कर्मचारियों ने सबसे पहले शव को पानी में देखा। इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी गई। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल बच्चे की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मासूम की मौत हादसे में हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। आसपास के थाना क्षेत्रों (दर्री, कुसमुंडा, और बाँकी मोंगरा) में हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की शिकायतों का मिलान किया जा रहा है।







