Home » दिल दहजाने वाला हादसा : पुल से गिरते ही आग का गोला बनी कार, दो दोस्तों की जिंदा जलकर मौत
कोरबा छत्तीसगढ़

दिल दहजाने वाला हादसा : पुल से गिरते ही आग का गोला बनी कार, दो दोस्तों की जिंदा जलकर मौत

बिलासपुर से तातापानी महोत्सव में शामिल होने जा रहे थे दोनों

कोरबा/मोरगा। जिले के सरहदी क्षेत्र मदनपुर में बुधवार की तड़के एक ऐसी हृदयविदारक घटना घटी जिसने देखने वालों की रूह कंपा दी। बिलासपुर से तातापानी महोत्सव में शामिल होने जा रहे दो युवकों की कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गिरते ही वाहन में भीषण आग लग गई। कार का दरवाजा लॉक होने के कारण सवार दोनों युवकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वे जिंदा जल गए।

हादसे का विवरण

यह दर्दनाक हादसा आज सुबह करीब 4 बजे बांगो थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोरगा चौकी के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, कार (क्रमांक सीजी 10 बीएफ 1673) मदनपुर के पास पहुंचते ही चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे पुलिया के नीचे जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन के नीचे गिरते ही उसमें धमाका हुआ और आग की लपटों ने पूरे वाहन को घेर लिया।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक बिलासपुर शहर के तोरवा थाना क्षेत्र (देवरी खुर्द) के निवासी थेः

गोपाल चंद्र डे (42 वर्ष), पिता- मानिक चंद्र डे
अरुण सेन (36 वर्ष), पिता- बनारसी लाल सेन

बताया जा रहा है कि दोनों मित्र विश्रामपुर में आयोजित तातापानी महोत्सव का आनंद लेने के लिए घर से निकले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस और मोरगा चौकी की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक दोनों युवक पूरी तरह झुलस चुके थे। पुलिस ने शवों को मर्चुरी भेजकर परिजनों को सूचित कर दिया है। मोरगा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और यह जांच कर रही है कि हादसा नींद की झपकी की वजह से हुआ या किसी तकनीकी खराबी के कारण।

Search

Archives