कोरबा। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा कोरबा की कार्यकारिणी की बैठक 06 मार्च को जिला स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संस्था की विभिन्न जनसेवा गतिविधियों, प्रशासनिक विषयों तथा आगामी कार्यक्रमों पर एजेंडा अनुसार विस्तृत चर्चा की गई तथा वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया गया।
बैठक में रेडक्रॉस भवन से संबंधित कार्यों, ब्लड डोनेशन कैंप के आयोजन, स्कूल एवं महाविद्यालयों में रेडक्रॉस गतिविधियों के विस्तार, युवाओं को रेडक्रॉस से जोड़ने तथा सामुदायिक स्तर पर रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से मेडिकल स्टोर संचालन जैसे विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
इस दौरान उप शाखा कटघोरा के चेयरमैन अजय गर्ग ने कटघोरा क्षेत्र में रेडक्रॉस की गतिविधियों को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव रखे। एजेंडा अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा में रेडक्रॉस हेल्प डेस्क स्थापित करने, एंबुलेंस संचालन प्रारंभ करने तथा भविष्य में ब्लड बैंक स्थापना की दिशा में प्रयास करने जैसे विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी 28 मार्च से 1 अप्रैल तक पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा आयोजित हनुमत कथा के दौरान जिला रेडक्रॉस शाखा कोरबा के द्वारा वृहद स्तर पर रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंद नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में जिला स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस. एन. केसरी (पदेन सचिव), जिला चेयरमैन रामसिंह अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राजेश बगड़िया, वाइस चेयरमैन आर.पी. तिवारी, सह संरक्षक डॉ. गोपाल गोस्वामी, कोषाध्यक्ष मुकेश गोयल सहित जिला के अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।
बैठक में सभी पदाधिकारियों ने रेडक्रॉस की जनसेवा गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।







